फर्रुखाबाद। टिनशेड व उधारी के भवन में चलने वाले सिंचाई विभाग को अब जल्द ही अपना भवन मिलने वाला है। कर्मचारियों काे भी आवास की सौगात मिलने की उम्मीद है। 5.91 करोड़ से स्वीकृत सिंचाई विभाग कार्यालय व आवास का निर्माण कार्य भी तेजी चलने से निर्धारित समय में पूर्ण होते दिख रहे हैं। बेवर रोड स्थित सिंचाई विभाग का कार्यालय 20 वर्ष से टिन शेड में चला। गत वर्ष शासन से स्वीकृति मिलने के बाद मार्च 2024 में कार्यालय भवन निर्माण शुरू कराया गया। 4.38 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा भवन अब लगभग तैयार होने वाला है। सितंबर तक भवन तैयार करने के आदेश हैं। कार्यालय परिसर में ही कर्मचारियों के लिए 1.53 करोड़ रुपये की लागत से टाइप-3 आवासों का निर्माण कराया जा रहा है। 60 फीसदी निर्माण हो चुका है। दिसंबर तक निर्माण पूरा करने के आदेश हैं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दुर्ण कुमार के अनुसार कार्यालय भवन व आवासों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जा रहा है। दोनों भवनों का एक साथ उद्धाटन कराया जाएगा। संवाद