फर्रुखाबाद। लखनऊ से आई पांच सदस्यीय दो टीमों ने डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष व महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। टीम की पहले से जानकारी होने के चलते जिम्मेदार सुबह से ही तैयारियों में जुटे रहे। टीमों ने कमियों को चेकलिस्ट में अंकित किया। अब अपनी रिपोर्ट विभाग को भेजेगी।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे पुरुष अस्पताल में लखनऊ से कायाकल्प टीम के सदस्य डॉ. आरिफ बेग, डॉ. रहीसुद्दीन और डॉ. सुभाष चंद्र, महिला अस्पताल में डॉ. आस मोहम्मद और डॉ. सुनील प्रजापति पहुंचे। दोनों ही टीमों ने अस्पतालों की ओपीडी से लेकर दवा स्टोर, डॉक्टरों के चैंबर, इमरजेंसी, ब्लड बैंक, ओडी, मरीजों के वार्ड, एसएनसीयू, एनआरसी, दवा स्टोर, सीटी स्केन, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे समेत सभी विभागों का बारीकी से मूल्यांकन किया। टीम ने इमरजेंसी वार्ड के स्टाफ से कई सवाल किए। कुछ के जवाब नहीं देने पर उन्हें उसका मतलब समझाया। महिला अस्पताल की इमरजेंसी में टीम ने जब स्टाफ नर्स और अन्य कर्मियों से सवाल किए, तो वह सही जवाब नहीं दे सकीं। इस पर व्यवस्थाओं की सही जानकारी रखने की बात कही।
टीम ने दवा स्टोर में पत्रावली और दवाओं के रखरखाव को भी देखा। टीम ने स्टोर प्रभारी से कई सवाल किए, उसके जवाब से टीम के अधिकारी संतुष्ट नहीं दिखे। पुरुष अस्पताल के क्वालिटी मैनेजर डॉ. रजा ने बताया कि यह टीम बाहरी मूल्यांकन करने आई थी। इसमें 70 फीसदी से अधिक अंक मिलने पर अस्पताल योजना में चयनित होगा। इसके बदले व्यवस्थाएं बढ़ाने के लिए इनाम स्वरूप कुछ धनराशि मिलेगी।