फर्रुखाबाद। शहर के सातनपुर मंडी रोड स्थित आयुर्वेदिक फैक्ट्री में जांच के दौरान मिलीं अमानक दवाएं सील कर दी गई हैं। शासन से जांच के आदेश दिए गए थे।
जनपद सीतापुर व बनारस में आयुर्वेदिक दवाएं जांच में अधोमानक पाए जाने पर शासन से जांच के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी डॉ.वीके सिंह ने जांच कमेटी गठित की। इसमें शामिल क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.सर्वेश कुमार, होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ.दीप्ति त्रिवेदी, औषधि निरीक्षक रजत कुमार व सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार ने सातनपुर मंडी रोड स्थित फैक्टरी मेसर्स अक्षय आयुर्वेदिक भवन में छापा मारा। जांच के दौरान कोई एलोपैथिक दवाएं व कच्चा मैटीरियल नहीं मिला।
मौके पर मिले 1260 बायना प्लस कैप्सूल व 32 बोतल बायना ऑयल दो गत्तों में सील कर फर्म संचालक को सौंप दिया गया। अग्रिम आदेशों तक दवाओं को प्रतिबंधित करते हुए निर्माण व बिक्री पर रोक लगा दी गई। औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने बताया कि सीतापुर व बनारस में अमानक मिले बायना प्लस कैप्सूल व बायना ऑयल को प्रतिबंधित कर दिया गया है।