फर्रुखाबाद। एनसीसी सी सर्टिफिकेट की रविवार को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई। परीक्षा निरस्त होने के कारणों की जानकारी फिलहाल नहीं हो सकी है। सात जिलों से आए करीब 200 परीक्षार्थियों को बिना लिखित परीक्षा दिए ही लौटना पड़ा। अब परीक्षा अगले रविवार को कराए जाने की संभावना है।
रविवार को सिखलाइट रेजीमेंट सेंटर के मैदान पर एनसीसी सी सर्टिफिकेट की परीक्षा होनी थी। परीक्षा के लिए अलीगढ़ ग्रुप के फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा जिलों से एनसीसी कैडेट प्रतिभाग करने के लिए आए थे। परीक्षा कराने की जिम्मेदारी 12 यूपी बटालियन की थी। पहले सुबह 11 बजे तक कैडेट्स का प्रैक्टिकल कराया गया। प्रैक्टिकल कराने के बाद कैडेट्स को अधिकारियों ने पुलिस भर्ती होने की बात कहकर वापस कर दिया। इस संबंध में 12 यूपी बटालियन के सूबेदार मेजर हरकेश सिंह से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया। उन्होंने बताया कि एक दो दिन में समय, स्थान की जानकारी हेडक्वार्टर से आने पर ही परीक्षा की तारीख की पुष्टि हो सकेगी।