फर्रुखाबाद। किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ डीएम कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। उन्होंने जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग उठाई। समस्याओं से संबंधित सात सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. हरपाल सिंह एडवोकेट कार्यकर्ताओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां डीएम कार्यालय के बाहर किसानों व कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस बीच सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव समस्याएं सुनने पहुंचीं तो उन्हें ज्ञापन देने से मना कर दिया और जिलाधिकारी से बात करने को कहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसानों से समस्याओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह के पहुंचने पर उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी ने 15 दिन में जिला स्तरीय समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। प्रांतीय महामंत्री रामवीर सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष रामबहादुर राजपूत, राममोहन दीक्षित, संजय गंगवार, रामवरन यादव, हरगोविंद सिंह कुशवाहा, राममूर्ति आदि मौजूद रहे।
ये हैं मांगे
जनपद कन्नौज व फर्रुखाबाद को सूखाग्रस्त घोषित करने, ढाई घाट को सरकारी मेला घोषित करने, शुकरुल्लापुर ओवरब्रिज निर्माणाधीन होने से डग्गामार वाहनों द्वारा यात्रियों का शोषण रोकने, घरेलू व निजी नलकूपों का बिजली बिल माफ करने, अन्ना गोवंशों को गोशाला में भेजने की मांग की गई। इसके अलावा केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा उर्फ टेनी को पद से हटाने व तत्काल गिरफ्तार करने की भी मांग उठाई।
फोटो -26
अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसान
फर्रुखाबाद। भाकियू (लोक शक्ति) के जिलाध्यक्ष सत्यभान के नेतृत्व में कलक्ट्रेट परिसर में छह सूत्री मांगों को लेकर किसान अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पिछले नौ माह से ज्ञापन देते चले आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। अब समस्याओं का निस्तारण होने के बाद ही धरना समाप्त होगा। इस दौरान प्रमोद पाल कठेरिया, राजवीर सिंह, नरेंद्र सोमवंशी, देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
डग्गामार वाहन बंद कराने की मांग
फर्रुखाबाद। भारतीय कृषक एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव सुधीर कुमार मिश्रा ने समस्याओं के संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने डग्गामार वाहन बंद कराने की मांग की। कंपिल क्षेत्र के गांव अकाखेड़ा में गलियों में जलभराव होने से सोखपिट बनवाने, पखना रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव होने, कायमगंज स्टेशन पर सभी ट्रेनों का ठहराव, किसानों का गन्ना भुगतान कराने व खाद की कालाबाजारी रोकने की मांग की। मुन्नालाल सक्सेना, संतोष बाबू, प्रताप सिंह गंगवार, रामवीर सिंह आदि मौजूद रहे।