फर्रुखाबाद। स्वास्थ्य ठीक न होने से पूर्व विधायक विजय सिंह शुक्रवार को पेेेशी पर नहीं आए। कोर्ट ने हर्जाना के रूप में वादी के खाते में 10 हजार रुपये जमा करने के आदेश दिए हैं। अगली सुनवाई 13 अक्तूबर को की जाएगी।
मैनपुरी कोतवाली सदर मोहल्ला बालाजीपुरम निवासी राहुल तोमर ने 26 जून 2014 को अज्ञात के खिलाफ सिपाही पिता बिजेंद्र सिंह तोमर की हत्या कर जेवरात लूटने का मुकदमा फतेहगढ़ कोतवाली में दर्ज कराया था।
विवेचक ने शहर कोतवाली के मोहल्ला नाला मछरट्टा निवासी सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के खिलाफ सिपाही बिजेंद्र सिंह तोमर को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। विजय सिंह भाजपा के पूर्व मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में बांदा जेल में बंद है।
मुकदमे की सुनवाई के लिए चार अक्तूबर की तारीख लगी थी। अवकाश के चलते शुक्रवार को सुनवाई के लिए पूर्व विधायक की पेशी होनी थी।
विजय सिंह के वकील ने तबियत खराब होने का हवाला दिया। वादी राहुल तोमर के वकील ने हर्जाना देने की मांग की। कोर्ट ने विजय सिंह को 10 हजार रुपये हर्जाना के रूप में वादी के खाते में जमा करने के आदेश दिए।