फर्रुखाबाद। शहर के टाउनहाॅल स्थित कार्यालय में गुरुवार को नगरपालिका बोर्ड की बैठक हुई। हंगामे के बीच कई सभासदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। नोकझोंक के बीच 40 मिनट में नगर पालिका का 99.38 करोड़ का बजट पास कर दिया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। सभासद अनिल तिवारी ने सभी बिंदुओं पर बहस की। उन्होंने विशेष प्रस्ताव नंबर 70 में धनराशि व कार्य का विवरण न खोले जाने का विरोध किया।
सभासद अतुल शंकर दुबे, अनीता कनौजिया, कृष्ण मोहन व विश्वनाथ राजपूत ने मनमानी का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसका सभासद असलम अंसारी ने विरोध किया तो नोकझोंक के बीच हंगामा हो गया। इससे चारों सभासद बाहर चले गए।
सभासद धर्मेंद्र कनौजिया ने आरोप लगाया कि एक ठेकेदार के सफाई कर्मी काम नहीं कर रहे हैं। इससे ठेका निरस्त कर दोबारा टेंडर निकाला जाए। असलम अंसारी ने नगरपालिका से हुई खरीद-फरोख्त का ब्योरा उपलब्ध कराने की मांग की। वार्ड नंबर सात की सभासद पूनम देवी ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में कोई भी विकास कार्य नहीं कराया गया।
वार्ड उपेक्षित होने से हैंडपंप, गलियां आदि खराब हैं। वार्ड 13 के सभासद मृदुल कटियार ने कहा कि वार्ड में कई हैंडपंप खराब हैं। मरा पशु उठाने की सूचना देने पर पालिका कर्मी एक हजार रुपये की मांग करते हैं। इस दौरान नगरपालिका की कबाड़ सामग्री अलग स्टोर में रखवाने की भी मांग की गई। नोकझोंक के बीच 40 मिनट हुई बैठक में 99.38 करोड़ का बजट पास कर दिया गया। संचालन शरद बाजपेई ने किया।