फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भव: अभियान को लेकर सांसद ने पत्रकारों को बताया कि जिले की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की वह जांच कराएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाएं चलाकर गरीबों का कल्याण कर रही है। विपक्षियों के पास कोई मुद्दा न होने से अफवाह फैलाने में जुटे हैं।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत आयुष्मान भव अभियान चलाया जा रहा है। इसमें छूटे हुए लाभार्थियों के प्राथमिकता से आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। रक्तदान, अंगदान शपथ, आयुष्मान आपके द्वार, आयुष्मान मेला आदि कार्यक्रम होंगे। कहा कि श्रमिकों को तीन लाख रुपये तक का ऋण कम ब्याज पर दिया जा रहा है। इसके साथ ही श्रमिकों को हुनरमंद बनाने के लिए प्रशिक्षण देने के साथ 500 रुपये प्रतिदिन भुगतान भी दिया जाएगा। सवाल किया गया कि कालिंदी एक्सप्रेस का समय बदलने का विरोध हो रहा है।
ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे पड़ोसी जिला मैनपुरी से निकाले जाने का भी मुद्दा उठ रहा है। इस पर सांसद बोले कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे जिले से होकर ही गुजरेगा। विपक्षियों के पास कोई मुद्दा न होने से अब झूठी अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के लिए अन्य ट्रेनें भी चलाने का प्रस्ताव दिया है।
सवालों से घिरे सीएमओ ने चुप्पी साधी
प्रेस वार्ता में सवाल उठे कि जिले की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। बुखार व डेंगू के प्रकोप के बीच सीएचसी में सीबीसी जांच ठप है। शहर में क्षमता से अधिक एएनएम की तैनाती और ग्रामीण क्षेत्र के 19 उपकेंद्र एएनएम विहीन हैं। शमसाबाद सीएचसी में एक्सरे मशीन न होने के बावजूद टेक्नीशियन तैनात है, जबकि मोहम्मदाबाद सीएचसी में टेक्नीशियन न होने से एक्सरे मशीन जंग खा रही है। जिन अस्पतालों में दंत चिकित्सक हैं वहां डेंटल चेयर नहीं है, जबकि जहां डेंटल चेयर है वहां दंत चिकित्सक नहीं हैं। नगरीय हेल्थ वेलनेस सेंटर के कई डॉक्टरों का बिना ड्यूटी वेतन निकल रहा है। एक डॉक्टर तो प्रदेश से बाहर है, कागजों में ड्यूटी चल रही है। विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल चल रहा है। दवा की कालाबाजारी में डीएम के आदेश के बावजूद फार्मासिस्ट पर कार्रवाई नहीं की गई। एक विधायक के अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद बिना भुगतान लिए बच्चा न देने पर क्या कार्रवाई की गई।
सवालों से घिरे सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार चुप्पी साधे बैठे रहे। इस पर सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वह सभी मामलों की जांच कराएंगे। प्रभावी कार्रवाई भी होगी। संचालन एसीएमओ डॉ.रंजन गौतम ने किया। विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति मौजूद रहे।