नवाबगंज। जमीन के विवाद में लाठी-डंडे चलने से मां-बेटा घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के बबना तिराहे मोहल्ला विजय नगर निवासी संतराम के पैतृक गांव नगला छब्ब में परिवार के लोग उसकी जमीन पर दीवार तोड़कर निर्माण करा रहे थे। संतराम, पत्नी राजेश्वरी देवी व पुत्र जितेंद्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण करने का विरोध किया। इस पर परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में राजेश्वरी देवी व जितेंद्र सिंह घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां मां बेटे को बेहोश अवस्था में पड़ा हुआ पाया। पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनों को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि मारपीट की सूचना पर फोर्स को मौके पर भेजा था। दूसरे पक्ष के लोग वहां से भाग गए। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
हृदयगति रुकने से सेना के सूबेदार की मौत
फर्रुखाबाद। पंजाब राज्य के जनपद लुधियाना थाना खन्ना गांव कोरी निवासी हरविंदर सिंह फतेहगढ़ स्थित सिखलाइट रेजिमेंटल सेंटर में सूबेदार के पद पर तैनात थे। रविवार सुबह हरविंदर के सीने में दर्द हुआ। उनको सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। (संवाद)