संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। सुल्तानपुर व अलीगढ़ में वकीलों की हत्या व प्रतापगढ़ व जौनपुर में उत्पीड़न की घटनाओं के विरोध में अधिवक्ता संघ के सचिव की अगुवाई में वकीलों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
अधिवक्ता संघ के सचिव राजेश अग्निहोत्री व उपाध्यक्ष अरूण कुमार गुप्ता की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को दिया। इसमें बताया कि सुल्तानपुर के वकील आजाद अहमद, अलीगढ़ जमालपुर के वकील अब्दुल मुवीश की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जनपद प्रतापगढ़ व जौनपुर में वकीलों के साथ उत्पीड़न की घटनाएं हुई। आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाए, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसके विरोध में बार काउंसिल ने पूरे प्रदेश में सोमवार को विरोध का आवाहन किया है। ऐसे में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस संबंध में जिला जज को भी पत्र भेजकर सोमवार को विरोध करने की सूचना दी गई।