संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिले के सभी विधायकों को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देकर परिषदीय शिक्षकों की मांगों को पूरा करने की मांग की।
रविवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया। दिए गए ज्ञापन में कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए शिक्षक और कर्मचारी लामबंद होकर अभियान चला रहे हैं। उन्होंने परिषदीय शिक्षकों की समस्याएं भी उठाईं। शिक्षक नेता विजय बहादुर यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के साथ ही शिक्षकों को दूसरे शनिवार को अवकाश दिया जाए।
राज्य कर्मचारियों की तरह उपार्जित अवकाश देने, प्रतिकर अवकाश, अध्ययन अवकाश, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, प्रत्येक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नति, माध्यमिक शिक्षकों की तरह चयन वेतनमान में 12 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान लगाने संबंधी मांग की। जिला मंत्री राजकिशोर शुक्ल ने कहा कि शिक्षकों को सभी सरकारी योजनाओं में लगाया जाता है।
इसके बावजूद उनकी समस्याओं पर कोई विचार नहीं कर रहा है। शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण न होने से शिक्षक समुदाय बेहद क्षुब्ध है। शिक्षक नेताओं ने सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर और कायमगंज विधायक डा. सुरभि को ज्ञापन देकर सरकार से मांगों के निराकरण की सिफारिश करने की मांग की। इस दौरान राजेश कुमार, अवनीश चौहान, अमित मिश्रा, मुन्ना लाल यादव, अरविंद यादव, श्याम सिंह, राजा खां आदि मौजूद रहे।