फर्रुखाबाद। राजेपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भरखा में मध्याह्न भोजन के नाम पर बच्चों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है। सीएमओ को निरीक्षण के दौरान चावल में घुन, आटा में चूहा दौड़ता मिला।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार ने शनिवार को राजेपुर क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान वह प्राथमिक विद्यालय भरखा पहुंचे। उन्हाेंने शिक्षकों से अल्बेंडाजॉल टैबलेट दवा खाने वाले बच्चों को सूची मांगी, तो कोई रिकार्ड नहीं दिया गया। स्कूल में आयरन की गोली रखी मिलीं। उसका भी कोई रिकार्ड नहीं मिला। इसके बाद सीएमओ ने मध्याह्न भोजन का राशन देखा, तो वह दंग रह गए। चावल में घुन ही भरमार थी। आटा में चूहा घूम रहा था। बच्चों की सेहत से खिलवाड़ होता देख उन्होंने नाराजगी जताई। सुधार की चेतावनी दी।
सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि स्कूल में बच्चों के स्वास्थ्य के संबंध में घोर लापरवाही मिली। चावल में घुन, आटा में चूहा घूमने और बच्चों को दवाई खिलाने को कोई रिकार्ड न मिलने के संबंध में वह अपनी निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी व बीएसए को भेजेंगे। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति भी करेंगे।