कायमगंज। नई बस्ती रोड स्थित निजी नर्सिंग होम में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई थी। देर रात महिला के मायके वालों ने उसकी ससुराल में बच्चे के पालन-पोषण को लेकर हंगामा किया। समझौते के बाद मायके पक्ष नवजात को साथ ले गया है।
रेलवे रोड नई कालोनी निवासी योगेंद्र सिंह की 26 वर्षीय पत्नी शिवानी यादव को प्रसव पीड़ा होने पर एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। सामान्य प्रसव के कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। मगर उस समय परिजन कोई कानूनी कार्रवाई न करने की कहकर शव लेकर चले गए। बृहस्पतिवार की देर रात जब मायके पक्ष के अन्य लोग भी पहुंचे। उन्होंने बच्चे के पालन पोषण को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की की बात कही।
सूचना पर सीओ सतेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर रामअवतार, नायब तहसीलदार मनीष वर्मा आदि पहुंच गए। रात में मायके व ससुराल पक्ष के बीच कशमकश चलती रही। कुछ संभ्रांत लोगों के बीच समझौता वार्ता हुई। बताया गया कि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। बच्चे का पालन पोषण करने का महिला के परिजनों ने जिम्मा लिया है। इंस्पेक्टर रामअवतार ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चौकी प्रभारी वीएस तिवारी ने शव का पंचनामा भरा गया है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।