कायमगंज। शमसाबाद क्षेत्र के गांव कलुआपुर सानी में रास्ते की भूमि पर बरात घर बनाने के मामले में एसडीएम संजय कुमार सिंह ने जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व दो ठेकेदारों पर मुकदमा लिखाने के आदेश दिए।
गांव कलुआपुर सानी में सड़क किनारे खाली जमीन में जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि डॉ अतुल गंगवार व ठेकेदार जिला पंचायत की ओर से बरात घर का निर्माण करा रहे थे। मामले में जिलाधिकारी से शिकायत की गई कि बरात घर रास्ते की भूमि पर बनाया जा रहा है। एसडीएम ने जांच कर रिपोर्ट जिलाधिकरी को दी। जांच में रास्ते की भूमि पाई जाने पर जिलाधिकारी ने मामले में मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए।
डीएम के आदेश पर एस डी एम संजय कुमार सिंह ने क्षेत्रीय लेखपाल को जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व ठेकेदार आशीष कुमार, राहुल कुमार के खिलाफ शमसाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए निर्देश दिए। डॉ अतुल गंगवार का कहना है कि उन्होंने ग्राम प्रधान के प्रस्ताव व क्षेत्रीय लेखपाल की सहमति से जनहित में बारात घर का निर्माण कराया था। इस प्रकरण में उनके साथ राजनीतिक द्वेष भावना से कार्रवाई की जा रही है।