कायमगंज (फर्रुखाबाद)। पतंग का मांझा गले फंसने बाइक सवार युवक की गर्दन की नस कटने से मौत हो गई। बाइक सवार जिला प्रशासन की बैठक में शामिल होने जा रहे थे।
नगर के मोहल्ला चिलाका निवासी प्रवेश चक (40) ने घर के पास ही पंडाल में भगवान गणेश प्रतिमा स्थापित की। नौ सितंबर को प्रतिमा का विसर्जन होना था। जिला प्रशासन ने रविवार को गणेश पंडाल के आयोजकों को दिशा-निर्देश देने के लिए बैठक बुलाई थी। प्रवेश परिवार के ओमकार व राहुल के साथ बाइक से जा रहे थे। तभी मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के जसमई के पास कुछ लोग पतंगे उड़ा रहे थे।
चलती बाइक में प्रवेश की गर्दन व माथे पर मांझा उलझ गया। इससे उनकी गर्दन की नस कट गई और खून बहने लगा। परिजनों ने पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद परिजन उन्हें घर ले आए। देर रात फिर हालात बिगड़ गई। परिजन अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी घर में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी है। पत्नी नीलम का रो रोकर बुरा हाल है। प्रवेश बकरी पालन का काम करते थे। प्रवेश के चार बच्चे मुस्कान (12), करिश्मा (10), करीना (8), अंश (6) हैं।
मंगलवार को किया जाएगा गणेश प्रतिमा का विसर्जन
- गणेश पंडाल के आयोजन समिति में शामिल प्रवेश की अचानक मौत होने से पड़ोस के लोग भी सदमें हैं। वैसे तो 9 सितंबर को गणेश प्रतिमा का विसर्जन होना था। अब कमेटी ने मंगलवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन का निर्णय लिया है।