फर्रुखाबाद। सातनपुर मंडी स्थित दुकानों की बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई नीलामी में आढ़तियों ने बोली लगाई। प्रतिस्पर्धा बढ़ी तो एक दुकान 10 गुनी कीमत पर नीलाम हुई। वहीं बोली न लगने से तीन दुकानें नीलाम नहीं हो सकीं। सातनपुर मंडी की ओर से निर्मित 23 दुकानों की कलक्ट्रेट सभागार में नीलामी बोली लगाई गई। इसमें अनाज मंडी की सात, आलू मंडी की 14 दुकानें शामिल थीं। अमृतपुर व बुढ़नामऊ में बनी दो गोदामों की नीलामी होनी थी। इसके लिए उपनिदेशक कानपुर मंडल संतोष कुमार, उपनिदेशक निर्माण तेज सिंह, संभागीय लेखाधिकारी विनय सिंह, एसडीएम सदर संजय कुमार सिंह व मंडी सचिव डॉ.दिलीप कुमार वर्मा की मौजूदगी में बोली की प्रक्रिया शुरू हुई। मंडी की आलू खंड बी-1 दुकान की नीलामी के लिए आढ़तियों में गहमा-गहमी रही।
निर्धारित एक लाख 28 हजार 550 रुपये पर शुरू हुई बोली बढ़ती चली गई। अंतिम बोली अजय एंड ब्रदर्स की 11 लाख 65 हजार रुपये पर रुकी। उनके नाम दुकान आवंटित कर दी गई। इसी दुकान की नीलामी को लेकर गत वर्ष सांसद के भतीजे व विधायक के बेटे के बीच मंडी में ही जमकर विवाद हुआ था।
करीब 10 लाख रुपये में दुकान नीलाम हुई थी। मंडी सचिव डॉ.दिलीप कुमार वर्मा ने बताया कि निर्धारित से अधिक कीमत पर 20 दुकानें नीलाम हो गई हैं। तीन दुकानें रह गई हैं। इनकी बोली के लिए तिथि निर्धारित की जाएगी।