संवाद न्यूज एजेंसी
शमसाबाद। गंगा में बाढ़ के बाद से शाहजहांपुर-शमसाबाद मुख्यमार्ग पर कई दिनों से पानी भरा है। गांव चौराहार के पास एक मक्का से भरी ट्रैक्टर-ट्राली फंस गई। सड़क पर वाहन निकलने की जगह न रहने के कारण जाम भी लगा रहा। काफी मशक्कत के बाद दूसरे ट्रैक्टर की मदद से निकाला जा सका।
नगर से शाहजहांपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर चौराहार गांव के सामने अभी भी कई फीट पानी भरा है। असुरक्षा के बावजूद बड़े वाहन इससे निकलते रहते हैं। जलभराव के चलते सड़क में काफी गड्ढे हो गए हैं। इसे बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। शनिवार सुबह करीब नौ बजे मिर्जापुर निवासी आशीष कुमार ट्रैक्टर-ट्राली से मक्का लादकर शमसाबाद ला रहे थे।
जब ट्रैक्टर चौराहार गांव के पास पहुंचा, तो गड्ढे में ट्रैक्टर फंस गया। इससे वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो गया। करीब एक घंटे बाद दूसरे ट्रैक्टर की मदद से मक्का भरा ट्रैक्टर निकाला गया। तब कहीं यातायात सामान्य हो सका। गनीमत रही कि बाढ़ के तेज बहाव में कोई बड़ा दुर्घटना नहीं हुई।
फोटो- 09,
गड्ढे में बच्चे के साथ गिरे बाइक सवार दंपति
शमसाबाद। शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर के गांव जैतपुर निवासी बालिस्टर बाइक से अपनी पत्नी रीना देवी के साथ एक साल के पुत्र को लेकर जलालाबाद गए थे। चौराहार गांव के सामने बाढ़ से बने गड्ढे में बाइक गिर गई। इसमें दंपति. और बच्चा भी गिर गया। पानी के बहाव में महिला व बच्चा बहने लगा, तो राहगीरों ने दोनों को पकड़कर बचा लिया। राहगीरों की सक्रियता से बड़ा हादसा होने से बच गया। (संवाद)
-