फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में माफिया अनुपम दुबे तो बृहस्पतिवार को गैंगस्टर कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। वर्तमान में वह मथुरा जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। पेशी के बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 27 अप्रैल की तिथि निर्धारित की है। गौरतलब है कि 13 नवंबर 2021 को तत्कालीन शहर कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने अनुपम दुबे, उसके भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, वृंदावन गली निवासी अभिषेक रस्तोगी और पंकज रस्तोगी के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में सभी आरोपियों पर संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप है। (संवाद)