संकिसा। दो वर्ष पहले हुए प्यार को खाकी ने सात जन्मों के बंधन में बांध दिया। थाने में प्रेमी युगल का विवाह हुआ। दोनों परिवार के लोगों ने समाज को जात-पात से हटकर विवाह करने का संदेश देकर नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव साहबगंज निवासी किशन शाक्य की बेटी सुदामा की दो वर्ष पहले तबीयत खराब हो गई थी। परिजनों ने सुदामा को इलाज के लिए मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला भवानी सिंह में रिश्तेदारी में भेज दिया था। उसी गांव का रहने वाला अभिनव कुमार शर्मा डी-फार्मा कर रहा था। वह इलाके के एक डॉक्टर के यहां बैठता था। संगीता डॉक्टर के यहां दवा लेने गई जहां उसकी मुलाकात अभिनव से हुई। तभी से दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों परिवार के लोग इस रिश्ते से राजी थे, लेकिन समाज के ठेकेदार जात-पात की दुहाई दे रहे थे।
मंगलवार को सुदामा व अभिनव परिजनों के साथ थाने में पहुंचे। एसओ दिग्विजय सिंह ने थाने में सुदामा व अभिनव का विधि-विधान से विवाह कराया। एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर सुदामा व अभिनव फूले नहीं समाए। पुलिस कर्मियों व परिजनों ने नवदंपती को आशीर्वाद देकर रवाना किया।