फर्रुखाबाद। युवती की हत्या में पुलिस ने प्रेमी युवक को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर बाग से घटना में प्रयुक्त शर्ट बरामद कर ली। पुलिस ने शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई पिकअप को भी कब्जे में ले लिया है। हालांकि अभी अधिकारी जांच की बात कहकर मामले का जल्द खुलासा करने की बात कह रहे हैं।
नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती रविवार को फतेहगढ़ कोतवाली के सेंट्रल जेल चौराहा निवासी प्रेमी युवक के बुलाने पर घर से आई थी। उसके बाद युवती घर वापस नहीं पहुंची। सोमवार की सुबह पास के गांव के खेत में युवती का शव बरामद हुआ था। युवती की मां ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने खुलासे के लिए एसओ जेपी शर्मा व एसओजी प्रभारी अमित गंगवार व सर्विलांस प्रभारी जगदीश भाटी को लगाया था। युवती के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर उसकी आखिरी बार हुई बातचीत व लोकेशन निकाली गई। युवती की प्रेमी युवक से बात हुई थी। पुलिस ने प्रेमी युवक को पकड़ लिया। युवती के मोबाइल नंबर की लोकेशन जहानगंज थाना क्षेत्र की राजपूताना चौकी के पास मिली थी। पोस्टमार्टम में युवती की गला कसकर हत्या करने की पुष्टि हुई। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बनाकर सुरक्षित की गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रेमी युवक ने राजपूताना चौकी के पास बाग में युवती की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। इसके बाद रविवार की रात को प्रेमी युवक शव को पिकअप में लादकर नवाबगंज लाया। पास के गांव के खेत में फेंक कर चला गया। पुलिस ने पिकअप को भी कब्जे में ले लिया है। एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि अभी कई तथ्य खंगाले जा रहे हैं। शीघ्र की पूरी घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।