फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र में कानपुर स्थित मंडी में आलू बेचकर घर जा रहे किसान व उसके साथी को तीन युवकों ने बीड़ी मांगने के बहाने रोक कर मारपीट की और जेब में रखे 35 हजार रुपये निकाल लिए। बुधवार सुबह किसान ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।
थाना क्षेत्र के गांव देवरान गढ़िया निवासी बृजलाल पाल उर्फ भूरे मंगलवार को गांव के गया प्रसाद के साथ कानपुर स्थित मंडी में आलू बेचने गए थे। रात करीब 11 बजे ट्रेन से वह कस्बा के रेलवे स्टेशन पर उतरे। दोनों पैदल घर जा रहे थे। रामलीला मैदान के पास तीन युवकों ने उन्हें आवाज देकर बीड़ी मांगी।
बृजलाल उन्हें बीड़ी देने लगे। इसी बीच युवकों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हाथों से बृजलाल की आंखे बंद कर गली में ले गए तथा उसकी जेब में रखे 35 हजार रुपये निकाल कर युवक भाग गए। बुधवार सुबह बृजलाल ने थाने पहुंचकर तीन युवकों के खिलाफ घटना की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।