फर्रुखाबाद। किसानों को निर्धारित मूल्य व गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेख अपूर्ण होने और बिना सूचना दुकान बंद मिलने पर चार दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। अधिकारियों ने खाद के 16 नमूने भी लिए।
जिलाधिकारी डॉ.वीके सिंह के निर्देश पर अधिकारियों की संयुक्त टीमों ने खाद की दुकानों का निरीक्षण कर अभिलेख देखे। अभियान के तहत 37 दुकानों पर अधिकारियों ने छापा मारकर खाद के 16 नमूने लिए। इससे खाद विक्रेताओं में खलबली मच गई। कई दुकानदार तो निरीक्षण से बचने के लिए दुकानें बंद कर खिसक गए।
जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि रेट बोर्ड, स्टॉक व बिक्री रजिस्टर अपूर्ण मिलने पर आरएस खाद भंडार खुम्मरपुर व एसबी खाद भंडार बघौना, जबकि बिना सूचना दुकान बंद मिलने पर दुबे बीज भंडार मोहम्मदाबाद व एग्री जंक्शन वाहिदपुर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी विक्रेता स्टाक व बिक्री रजिस्टर उनसे प्रमाणित करा लें। किसानों पर दबाव बनाकर खाद के साथ पोषक तत्व, जिंक आदि की जबरन बिक्री करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।