नवाबगंज के मंझना रोड पर खाद की दुकान पर जांच करते जिला कृषि अधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। खाद की कालाबाजारी व मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए गुरुवार को अधिकारियों की टीमों ने छापा मारा।
इस दौरान दुकान बंद कर भागने वाले छह खाद विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित करने के साथ 12 नमूने भी लिए गए।
खाद की दुकानों पर जांच के लिए जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने तहसील क्षेत्रवार अधिकारियों की तीन टीमों का गठन किया।
अधिकारियों ने 32 दुकानों पर छापा मारकर खाद के 12 नमूने संग्रहीत किए। इस दौरान खाद विक्रेताओं में खलबली मच गई और वह दुकान में ताला डालकर खिसक गए।
जिला कृषि अधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि नवाबगंज क्षेत्र के गांव अचरा स्थित सैनिक खाद भंडार, बजरंग खाद भंडार, पियूष खाद भंडार, आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र, लुधइया स्थित निमित खाद भंडार व पवन खाद भंडार पर विक्रेता दुकान बंद कर भाग गए।
इससे इन सभी की दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 255 नमूने लिए गए।
अनियमितताओं में एक दुकान सील की गई। खाद, बीज व कीटनाशक की कुल 30 दुकानों के लाइसेंस निलंबित करने के साथ तीन विक्रेताओं पर मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है।