कायमगंज। सीएचसी में स्थानांतरण व सेवानिवृत्त हो चुके डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी लंबे समय से सरकारी आवासों पर कब्जा जमाए बैठे हैं। चिकित्साधीक्षक ने एसडीएम यदुवंश कुमार को पत्र भेजकर बलपूर्वक आवास खाली कराने की बात कही।
सीएचसी में चिकित्साधीक्षक के पद पर तैनात रहे डॉ. विपिन कुमार व अन्य पांच कर्मचारियों ने अभी तक आवास नहीं छोड़े हैं। इससे यहां तबादले पर आए चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले सप्ताह सीएमओ ने इस मामले में नाराजगी जताई थी।
सरकारी आवासों में तत्कालीन चिकित्साधीक्षक डॉ. विपिन वर्ष 2023 में तबादले पर चले गए। एएनएम मंजुला तिवारी का भी तबादला हो चुका है। फार्मासिस्ट मुरारी सिंह वर्ष 2021, किशुनलाल वर्ष 2022 और सुमन मिश्रा 2020 में सेवानिवृत्ति हुईं थीं। सफाई कर्मचारी रमेश सिंह की 2021 में मौत हो गई थी। सभी कर्मचारी या उनके परिजन अभी तक आवास पर कब्जा जमाए हैं। चिकित्साधीक्षक डॉ शोभित ने बताया कि कई बार नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक किसी ने भी आवास खाली नहीं किया है। चिकित्साधीक्षक ने एसडीएम को पत्र भेजकर बलपूर्वक आवास खाली कराने की मांग की है।