फर्रुखाबाद। मौरंग लदे डंपर की टक्कर से कार में सवार अधिवक्ता की मौत हो गई, पिता समेत पांच लोग घायल हो गए। घायल पिता को रेफर कर दिया गया है। पैत्रक गांव से घर लौटते समय हादसा हो गया।
जनपद एटा थाना अलीगंज के गांव बझेरा निवासी प्रशांत मिश्रा (47) फतेहगढ़ कचहरी में वकालत करते हैं। उनका मकान सिविल लाइन फतेहगढ़ में है। प्रशांत के पिता सेवानिवृत्त शिक्षक तुलसीराम मिश्रा दिवाली पर गांव गए थे।
प्रशांत अपनी कार से पिता और पड़ोसी अरुण दुबे (37) और उनकी पत्नी शिवानी दुबे, पुत्र रुद्र (9) व लक्ष्य (7) को लेकर लौट रहे थे।
सुबह 7:30 बजे मऊदरवाजा थाने के गांव खगऊ गोशाला के पास सामने से आ रहे डंपर ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर लोहिया अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टर ने प्रशांत को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में ले लिया। पत्नी राधा और मां मुन्नी देवी का रो-रो कर बुरा हाल हैै। बेटी रिद्धी, सिद्धी और डेढ़ साल का बेटा यश है।
कार में लदे थे गेहूं और भूसा
अधिवक्ता अपने गांव से कार में गेहूं की बोरी और जानवर के लिए भूसा ला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए।