फर्रुखाबाद। हरदोई जाने के लिए बस में बैठी महिला का बैग चोरी हो गया। पुलिस ने बाइक सवार तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। उनके पास कई आधार कार्ड बरामद हुए।
हरदोई कोतवाली के गांव गढि़या टिल्ला निवासी गुड्डू सिंह की पत्नी मीरा सिंह ने कादरी गेट पुलिस को बताया कि वह बेटी संध्या, भतीजी पूनम और जेठानी किरन के साथ एटा से ट्रेन से लौटीं थी। फतेहपुर में उतरने बाद वह भोलेपुर में कुछ देर के लिए एक रिश्तेदार के घर पर रुके। इसके बाद ई-रिक्शा से बस स्टैंड पर आए। हरदोई जाने के लिए बस में दोपहर 12 बजे परिवार के साथ सवार हुईं। परिवार के पास छह बैग थे। पूरा परिवार बस में चढ़ गया और सभी बैग रख लिए। वह फोन पर बात करने लगीं। उसी समय उनकी नजर बैगों पर गई, तो ताला लगा बैग गायब था। शोर मचाने पर चालक वीरभान सिंह व परिचालक विजय कुमार शुक्ला ने खोजबीन कराई मगर कुछ पता नहीं चल सका।
सूचना पर पहुंचे दरोगा केएन पांडेय ने पुलिस बल के साथ संदिग्धों को तलाश किया। इसी दौरान एक बिना नंबर की बाइक सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके पास से कई संदिग्ध आधार कार्ड बरामद हुए। मीरा ने बताया कि बैग में करीब चार लाख रुपये का सामान था।
कोतवाल विनोद शुक्ला का कहना है कि तहरीर मिली है। बैग भूलवश बदलने की आशंका जताई जा रही है। जांच की जा रही है।