फर्रुखाबाद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे आरोग्य मेलों में जुकाम, बुखार, खुजली व शुगर के मरीज अधिक रहे। कुछ अस्पतालों में खुजली के ट्यूब व आई ड्राप न मिलने से मरीज मायूस होकर लौटे। जिले में कुल 1745 मरीजों को उपचार दिया गया।
रविवार को ग्रामीण क्षेत्र के 28 व नगरीय चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला लगा। पीएचसी भोलेपुर में दोपहर तीन बजे तक डॉ. श्वेता सिंह ने 29 मरीज देखे। स्टाफ नर्स प्रतिभा के सहयोग से एक प्रसव भी कराया गया। एलटी विनय कुमार ने मरीजों की जांच की तो फार्मासिस्ट अखिलेश ने दवाई वितरित की।
100 लोगों को कोराना से बचाव का टीका भी लगाया गया। शहर की पीएचसी साहबगंज में डॉ. अंजुला गोस्वामी ने एक बजे तक 14 मरीज देखे। इनमें तीन गर्भवती भी शामिल हैं। खुजली के ट्यूब न होने से मरीजों को दवाई देकर काम चलाया गया।
सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि आरोग्य मेलों में कुल 1745 मरीजों का इलाज किया गया। कुछ अस्पतालों में मरीजों को खुजली के ट्यूब व आई ड्राप न मिलने की वह जांच कराएंगे। समस्या का निस्तारण कर व्यवस्था में और सुधार किया जाएगा।
इनसेट
आई ड्राप व खुजली के ट्यूब नहीं
मोहम्मदाबाद। पीएचसी खिमसेपुर में कुल 22 मरीज ही पहुंचे। डा. सौरभ कटियार, डॉ. राजीव ने मरीज देखे। फार्मासिस्ट अमित कुमार ने दवाई वितरित की। अस्पताल में आई ड्राप व खुजली के ट्यूब न होने से कुछ मरीज बिना दवाई के लौट गए। एलटी की तैनाती न होने से मरीजों की जांच भी नहीं हो पा रही है।
इनसेट
बुखार के मरीज बढ़े
शमसाबाद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजबाग में डॉ. कल्पना कटियार ने 38 मरीज देखकर दवाई दी। सर्वाधिक मरीज बुखार से पीड़ित थे। एलटी लोकेंद्र ने 18 मरीजों की कोरोना जांच व दो की शुगर की जांच की। हालांकि सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।
बुखार व खुजली के मरीज बढ़े
अमृतपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुुर में कुल 136 मरीज पहुंचे। इसमें सर्वाधिक मरीज खुजली व बुखार से पीड़ित थे। डॉ. गौरव वर्मा ने मरीज देकर एलटी पवन कुमार से जांच कराई। 18 मरीजों की जांच मलेरिया, 8 की टाइफाइड जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं 30 मरीजों की शुगर की जांच हुई। इनमें 12 की शुगर बढ़ी हुई मिली। इसके अलावा पांच मरीजों की टीबी की जांच हुई। इनमें दो मरीज टीबी पीड़ित मिले।