नवाबगंज। तालाब में नहाने गए मजदूर की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई।
थाना क्षेत्र के गांव चंदनी निवासी परवेश धीमर(50) बटाई पर खेती पर पशु बेचने व खरीदने का काम करता था। वह शराब पीने का भी आदी था। सोमवार की दोपहर को परवेश कहीं से आया और तालाब किनारे कपड़े उतारकर नहाने के लिए अंदर घुस गया। नहाते हुए परवेश तालाब के अंदर गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। तालाब के पास खड़े गांव के युवकों ने परवेश को बचाने के लिए पानी में छलांग लगाई। युवक जब तक वहां पहुंचते परवेश पानी में डूब गया। युवकों ने मशक्कत कर शव को तालाब से बाहर निकाल लिया।इसके बाद परिजन शव को घर लेकर चले गए।
एसओ बलराज भाटी ने बताया कि तालाब में मजदूर के डूबने के संबंध में थाने में किसी ने सूचना नहीं दी है। अगर सूचना देगें तो शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।