फर्रुखाबाद। पत्नी के मायके से नहीं आने पर मजदूर पति ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो पुत्र को फंदे पर लटका हुआ पाया। बाबा ने ससुरालीजनों पर नाती से मारपीट कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर निवासी सुरेंद्र नागर का 22 वर्ष का पुत्र राजा नागर ताजपुर रोड स्थित कांशीराम कालोनी के आवास संख्या ए 22 में रहता था। वह खाद की दुकान में मजदूरी करता था। राजा की कादरीगेट थाना क्षेत्र के गांव खानपुर के मजरा मड़ईयन पुरवा निवासी राजू की पुत्री नन्ही के साथ हुई थी। नन्ही काफी समय से मायके में रह रही थी। तीन दिन पहले राजा पत्नी को ससुराल से बुलाने के लिए गया, लेकिन पत्नी ने आने से मना कर दिया। उसके बाद से राजा परेशान था।
सोमवार की शाम को राजा घर में खाना खाकर कालोनी स्थित आवास पर सोने के लिए चला गया। मंगलवार की सुबह राजा कालोनी से घर नहीं आया। ऐसे में पिता सुरेंद्र उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के अंदर पुत्र राजा को पंखे के कुंडे पर साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया। सूचना पर बाबा मुन्नालाल, मां राजकुमारी, बहन काजल सहित पहुंचे परिजन रोने-पीटने लगे। जानकारी पर पहुंची पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए।
बाबा मुन्नालाल ने नाती राजा के ससुरालीजनों पर मारपीट कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के मुताबिक राजा की फंदा लगाने से दम घुटने के कारण मौत की पुष्टि हुई है। इंस्पेक्टर अपराध निर्भय चंद्र ने बताया कि मजदूर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।