फर्रुखाबाद। जानवरों को चारा डालने गई पत्नी के घर से निकलते ही एक ग्रामीण ने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। परिजन फंदा लगाने का कारण नहीं बता पा रहे हैं।
राजेपुर थाने के गांव बहादुरपुर निवासी प्रेम किशोर (42) मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। वह बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे घर पर था। उसकी पत्नी रामगुनी घर से बाहर बंधे जानवरों को चारा डालने चली गई। उसी समय मौका पाकर उसने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया।
चारा डालकर घर पहुंची पत्नी ने पति को फंदे पर लटका देखा, तो चीख पुकार मचा दी। आसपास के लोगों ने पहुंचकर शव को नीचे उतारा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
परिजनों ने बताया कि उसके तीन बच्चों में बेटा अंकुर, बेटी रामा व रुक्मिणी हैं। मां रामप्यारी, भाई रामवीर, कल्लू, लटूरी, श्याम बिहारी, राम नारायण और एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह चौथे नंबर का था। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।