फर्रुखाबाद। आठ वर्ष में कायमगंज पुलिस वसूली वारंट तामील नहीं करा पाई। एसपी को पत्राचार करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट ने इस मामले में कायमगंज कोतवाल को कोर्ट में तलब कर स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए हैं।
कायमगंज के मोहल्ला लालबाग चिलौली निवासी शबनम परवीन बनाम वाशिद खां के मुकदमे में कोर्ट ने कायमगंज कोतवाली पुलिस को कई बार वसूली वारंट तामील कराने के लिए भेजे, लेकिन वारंट तामील नहीं कराए गए।
आरोपी वाशिद भी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। कोर्ट ने 22 अगस्त को आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर एसपी को पत्रचार भी किया। इसके बाद भी कोतवाली पुलिस ने वारंट तामील कराने में कोई रुचि नहीं दिखाई।
आठ वर्ष से वारंट तामील न कराने पर न्यायाधीश ने इसको कोर्ट की अवहेलना माना। उन्होंने कायमगंज कोतवाल जय प्रकाश पाल को 10 जनवरी को कोर्ट में तलब कर स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया कि किन कारणों से आठ वर्ष से वारंट तामील नहीं हो पा रहे हैं।