नवाबगंज। दो भाइयों के घर में नकब लगाकर घुसे चोरों ने तीन लाख के जेवर व अन्य सामान चोरी कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर चोरी का खुलासा करने का भरोसा दिया।
कायमगंज क्षेत्र के गांव मई हादीदादपुर निवासी अभिषेक कुमार शाक्य के घर में शुक्रवार रात चोर नकब लगाकर घुस गए। कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली। चोर बक्से का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये, दो जोड़ी पायल, दो कमर कंधनी चोरी कर ले गए। चोरों ने पड़ोस में रह रहे चचेरे भाई अमित कुमार शाक्य के घर में भी नकब लगाया।
चोर अलमारी का लॉक तोड़कर एक मंगलसूत्र, बृजमाला, दो अंगूठी, दो जोड़ी कुंडल, पायलें, गुच्छा चोरी कर ले गए। सुबह गांव के लोगों ने मकान के पीछे नकब लगा होने की जानकारी दी। परिजन जब कमरे में गए तो सामान बिखरा देखकर दंग रह गए। सूचना पर पुलिस ने छानबीन की। दोनों भाइयों ने तहरीर दी।
भाजपा नेता व ग्रामीण के घर चोरी
जहानगंज। क्षेत्र के गांव माधवापुर निवासी शिवम गुप्ता भाजपा के जहानगंज मंडल कोषाध्यक्ष हैं। उनके मकान में ताला पड़ा था। वह परिजनों के साथ फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सेंट्रल जेल चौराहे के पास रहते हैं। शुक्रवार रात उनके मकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। चोर मकान से गैस सिलिंडर, बैटरी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह चचेरे भाई दिव्यांशु ने ताला टूटे होने की सूचना शिवम को दी।
इसके अलावा गांव सरफाबाद निवासी अख्तर हुसैन गुजरात में प्राइवेट नौकरी करते हैं। पत्नी नसरीन गांव में रहती हैं। शुक्रवार को नसरीन अपने मकान में ताला डालकर देवर आफाक के घर चली गई थीं। रात में ताला तोड़कर चोर घर के अंदर घुस गए।
चोर अलमारी का ताला तोड़कर एक जोड़ी झुमके, कंगन, पायल व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह नसरीन घर पहुंची तो ताला टूटा देखा। सूचना पर पुलिस ने भाजपा नेता व नसरीन के घर जाकर छानबीन की।