कायमगंज। नगर के मोहल्ला कुकीखेल में बेखौफ चोरों ने बंद घर के ताले तोड़कर जेवर-नकदी चोरी कर लिए। दो घरों में चोरी का प्रयास किया। पड़ोसी ने सीसीटीवी कैमरे में देखकर पटाखे का धमाका किया तो चोर भाग गए। चोरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गुरुवार रात मोहल्ला कुकीखेल में असलहाधारी तीन चोर बाइक से आ धमके। चोरों ने बंद घरों को निशाना बनाया। मोहल्ले की निवासी रिहाना डेढ़ माह से पति नन्हे के इलाज के लिए दिल्ली में हैं। उनके बेटे भी दिल्ली में रहकर एसी, फ्रिज का काम करते हैं। घर में ताला लगा था। चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर नीचे झाड़ियों में डाल दिया।
दो कमरों के ताले तोड़कर उसमें रखा जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर दिल्ली से अलीगढ़ आए रिहाना के पुत्र आरिफ भी घर पहुंच गए। घर में रखे सामान को चेक कर उन्होंने बताया कि उनकी भांजी की तीन माह बाद शादी है। बहनोई की मौत के बाद भांजी उन्हीं के पास रहती है। उसकी शादी के लिए जेवर, कपड़े व बर्तन आदि खरीदकर रखे थे। चोर कान की झुमकी, चेन व 20 हजार रुपये के बर्तन, कपड़े भी चोरी कर ले गए हैं। घर में रखी एयरगन भी तोड़कर बैड पर रख गए। आरिफ ने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी है।
इसके अलावा चोरों ने निसार के नवनिर्मित बंद घर का ताला तोड़ा। घर में न कोई रहता है और न ही कोई सामान था। पड़ोस के शीलू बुक स्टोर वालों के मकान में दो दरवाजे हैं। एक दरवाजे में अंदर से व दूसरे में बाहर से ताला पड़ा था। चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया। शीलू ने सीसीटीवी कैमरे में चोरों की हरकत देख ली। इस पर वे चौकन्ने हो गए। उन्होंने डायल 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। पुलिस को आने में देरी हुई तो उन्होंने जानवर भगाने वाली देशी गन मशीन से धमाका कर दिया।
धमाके की आवाज से आसपास के लोग जाग गए। मोहल्ले के लोगों ने चीखपुकार की तो चोर भाग गए। जानकारी पर सुबह चौकी प्रभारी विद्यासागर तिवारी व एसआई नितिन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच की। प्रभारी निरीक्षक रामअवतार ने बताया कि चोरी का प्रयास की सूचना मिली है। फुटेज देखकर पिछली फुटेज से मिलान किया जाएगा। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए चोर
मोहल्ला कुकीखेल में अधिकतर घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इससे ज्यादातर कैमरों में उनकी हरकत कैद हो गई। तीन चोरों में से एक के पास तमंचा व सरिया दिखाई दी। कैमरे के फुटेज देखकर उनकी शिनाख्त की जा रही है। बताया गया कि हाल में ही चौबे कम्पाउंड निवासी पूर्व प्रधानाचार्य आरके दुबे के बंद घर से लाखों के जेवर चोरी करने वाले चोरों ने ही इस घटना को भी अंजाम दिया है। पुलिस मामले की खोजबीन में जुट गई है।