फर्रुखाबाद। राजस्थान के जयपुर में चार माह से एक साथ बढ़ी मोबाइल लूट और चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल लुटेरों की तलाश में चिलसरा में दबिश दी। वहां से एक मोबाइल विक्रेता और मोबाइल खरीदार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि सर्विलांस से पता चला कि कानपुर, लखनऊ, आगरा व कन्नौज के कई लुटेरे घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्हीं की तलाश की जा रही है।
राजस्थान प्रांत के जयपुर शहर के थाना ब्रह्मपुरी के हेड कांस्टेबल रामनिवास के नेतृत्व में सिपाही मनीष, उमेश आदि की टीम शुक्रवार दोपहर में मऊदरवाजा थाना पहुंची। उन्होंने शहर के एक मोहल्ले में दो युवकों की तलाश में दबिश दी, मगर वह नहीं मिले। इसके बाद टीम ने शमसाबाद थाने के चिलसरा में दबिश देकर एक युवक को पकड़ लिया। उसके बताने पर गांव के ही एक मोबाइल विक्रेता को भी हिरासत में ले लिया। मोबाइल विक्रेता ने टीम को बताया कि उसने गांव के ही एक युवक से मोबाइल खरीदा था। पुलिस दोनों युवकों से मऊदरवाजा थाने में पूछताछ कर रही है।
रामनिवास ने बताया कि चार माह से मोबाइल लूट और चेन स्नेचिंग की घटनाएं बढ़ी हैं। मोबाइल की लोकेशन से पता चला कि इन घटनाओं में फर्रुखाबाद के अलावा आगरा, लखनऊ, कन्नौज और कानपुर के लुटेरे भी शामिल हैं। उन्हीं की तलाश में टीम छापेमारी कर रही है। आगरा में भी दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।