फर्रुखाबाद। रेलवे ने जयपुर-गोमतीनगर-जयपुर के बीच चल रही अप और डाउन की ट्रेनों का कायमगंज में छह जनवरी से ठहराव शुरू कर दिया है। सांसद मुकेश राजपूत ने रेलवे का स्वीकृत पत्र व्यापार मंडल को भेजा है। इस पर कायमगंज के व्यापारियों ने आभार व्यक्त किया।
जयपुर-गोमतीनगर के बीच चलने वाली 19715 और 19716 नंबर की अप व डाउन एक्सप्रेस ट्रेन का छह जनवरी से कायमगंज रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव शुरू किया है। रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा की ओर से दो जनवरी को आदेश जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि रेल मंत्रालय की ओर से कायमगंज में इस ट्रेन का स्टॉपेज करने के लिए निर्देशित किया गया था। इस आदेश की एक प्रति भारतीय उद्योग व्यापार मंडल को सांसद मुकेश राजपूत ने भेजी है।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री, महामंत्री अनुपम अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नितिन रस्तोगी, उपाध्यक्ष रामप्रकाश शाक्य आदि ने सांसद से इस ट्रेन के रुकने के लिए आग्रह किया था। व्यापारियों ने कहा कि सांसद का यह व्यापारियों के हित में सराहनीय कदम है।
उन्होंने सांसद का आभार व्यक्त किया। इसमें रईस नवाज खान, कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिलामंत्री नीरज राठौर, अशोक पालीवाल, नगर अध्यक्ष अखिलेश शर्मा, युवा नगर अध्यक्ष संगम शाक्य, कायमगंज नगर महामंत्री अरुण सक्सेना, कोषाध्यक्ष सचिन मिश्रा, संयुक्त महामंत्री गगन सक्सेना आदि मौजूद रहे।