फर्रुखाबाद। अग्निवीर भर्ती में हिस्सा लेने के इच्छुक युवाओं के लिए खुशखबरी है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तारीख को सेना मुख्यालय ने आगे बढ़ा दिया है। पहले 15 मार्च तक ही आवेदन करने की अंतिम तारीख रखी गई थी। अब इसे बढ़ाकर 20 मार्च कर दिया गया है। वहीं, भर्ती प्रक्रिया में आईटीआई कोर्स करने वाले युवाओं को 50 अंक तक बोनस दिए जाने की व्यवस्था की गई है। अग्निवीर भर्ती-2023 की परीक्षाएं 17 से 30 अप्रैल तक चलेंगी। सेना भर्ती कार्यालय, कोटा के निदेशक कर्नल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि विगत 16 फरवरी से युवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया को शुरू किया गया था। आवेदन करने की अंतिम तारीख 15 मार्च रखी गई थी। इसे बढ़ाकर अब 20 मार्च कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी को 250 रुपये के आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। न्यूनतम आयु 17 वर्ष 5 माह से 21 वर्ष तक के अविवाहित भारतीय पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इस बार सेना ने परीक्षा के पैटर्न में परिवर्तन किया है। पहले लिखित परीक्षा होगी। कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले युवाओं को ही अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल किया जाएगा। भारतीय सेना के भर्ती पोर्टल पर जारी नोटिफिकेशन के अनुसार राज्य के निवासी अग्निवीर जीडी, अग्निवीर क्लर्क, अग्निवीर टेक्निकल, स्टोरकीपर, ट्रेडर्समैन कक्षा 8वीं और 10वीं पास भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। अग्निवीर परीक्षा में 10वीं के बाद दो वर्ष का आईटीआई कोर्स करने पर 20 बोनस अंक मिलेंगे। तीन वर्ष के आईटीआई कोर्स पर 30 बोनस अंक तथा 12वीं के बाद एक वर्ष के डिप्लोमा पर 30 बोनस अंक मिलेंगे। दो वर्ष के डिप्लोमा पर 40 एवं तीन वर्ष के डिप्लोमा पर 50 अंक बोनस के रूप में मिलेंगे। यह अंक मेरिट सूची बनने के दौरान अभ्यर्थी के खाते में जोड़े जाएंगे।