फर्रुखाबाद। निकाय चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को जिलाधिकारी ने मतगणना स्थल सातनपुर मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रांग रूम का ले-आउट तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सातनपुर मंडी में मतगणना स्थल बनाने के लिए निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी को मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम का ले-आउट तैयार करने को कहा। मंडी प्रभारी को फर्श व टीन शेड की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतगणना स्थल के चारों ओर सीसीटीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति ने बताया कि सातनपुर मंडी में नगर पालिका फर्रुखाबाद, नगर पंचायत कमालगंज, मोहम्मदाबाद, खिमसेपुर व संकिसा बसंतपुर की मतगणना कराई जाएगी। मतदान के लिए सातनपुर मंडी से ही पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगी। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव, क्षेत्राधिकारी नगर प्रदीप कुमार, ईओ रविंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। इसके अलावा कायमगंज क्षेत्र के आदर्श इंटर कालेज पितौरा में कायमगंज नगरपालिका, नगर पंचायत शमसाबाद, नवाबगंज व कंपिल की मतगणना कराई जाएगी। यहीं से मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी।
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। उन्होंने चुनाव प्रचार में व्यक्तिगत आरोपों पर प्रतिबंध होने की जानकारी दी।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि 17 से 24 अप्रैल तक नामांकन पत्रों का क्रय व जमा करने का कार्य होगा। 25 को नामांकन पत्रों की जांच व 27 को नाम वापसी होगी। 28 को चुनावचिह्न आवंटन के बाद 11 मई को मतदान 13 मई को मतगणना होगी। चुनाव के लिए आरओ व एआरओ नियुक्त कर उनका प्रशिक्षण करा दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दलों से कहा कि चुनाव प्रचार में व्यक्तिगत आरोप लगाने पर प्रतिबंध है। मतदान से 48 घंटे पूर्व प्रचार बंद हो जाएगा।
तहसील फर्रुखाबाद क्षेत्र की नगर पालिका व नगर पंचायतों के नामांकन कलेक्ट्रेट में और मतगणना सातनपुर मंडी में होगी। जबकि तहसील कायमगंज क्षेत्र की नगर पालिका व नगर पंचायतों के नामांकन तहसील कायमगंज में और मतगणना आदर्श इंटर कॉलेज पितौरा कायमगंज में कराने का निर्णय लिया गया है। सभी राजनैतिक दलों को अति संवेदनशील बूथों की सूची व सप्लीमेन्ट्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि जनपद में 10 प्रतिशत अति संवेदनशील बूथों पर वेबकास्टिंग कराई जायेगी। एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति, एएसपी डॉ.संजय कुमार आदि मौजूद रहे। जनपद के नौ नगर निकायों में अध्यक्ष पद व 170 वार्डों के सभासद पद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3,99,510 मतदाता करेंगे। इससे दावेदारी की तैयारी में बैठे लोग भाग्य विधाताओं से संपर्क कर उनकी मान-मनौवल करने लगे हैं।