संवाद न्यूज एजेंसी
कमालगंज। गेहूं के भाव में इजाफा से किसानों को राहत मिली है। अभी तक 2200 रुपए में बिक रहा अच्छा गेहूं 2300 रुपए क्विंटल तक बिका। वहीं गुणवत्ता व मांग गिरने से मक्का के भाव 50 रुपए तक टूट गए।
कृषि उत्पादन समिति स्थित नवीन मंडी में शनिवार को अच्छा गेहूं 2300 रुपए क्विंटल बिका। पूरनपुर के किसान रामबाबू ने बताया कि कुछ दिन पहले वह मंडी में गेहूं लेकर आए थे। उस समय 2200 रुपए क्विंटल के दाम मिले थे। अब 2300 रुपए के हिसाब से दाम मिले। इससे किसानों को राहत है।
गंगा नदी पर पैंटून पुल टूटने के बाद गंगापार क्षेत्र के गांवों से नवीन मंडी में आमद बंद है। मक्का के दाम 1900 से घटकर 1850 रुपए क्विंटल रह गए हैं। गल्ला व्यापारियों के अनुसार गुजरात की मंडियों में मक्का भेजने पर वहां से गुणवत्ता खराब होने की शिकायत आ रही है। इससे पूर्व से तय भाव में कई बार कटौती की नौबत बन रही।
इसी वजह से यहां की मक्का की मांग घटी है। गुजरात की मंडियों में पंजाब की जो मक्का पहुंच रही है। उसकी गुणवत्ता अच्छी बताई जा रही है। मालगाड़ी की रैक से दक्षिण के राज्यों के लिए हुई लोडिंग से जिले के किसानों को राहत हुई। नवीन मंडी में इन दिनों 2 से 3 हजार पैकेट मक्का किसानों की बिकने के लिए पहुंच रही है।