कायमगंज। भीषण गर्मी से सीएचसी में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। क्षेत्र में उल्टी, दस्त और पेट दर्द और आंख संबंधी बीमारी के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
सीएचसी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ लग जाती है। ओपीडी में रोजाना 450 से 500 मरीज आ रहे हैं। इसमें अधिकतर मरीज डायरिया, पेट दर्द और आंख सबंधी हैं।
चिकित्साधीक्षक डॉ. शोभित कुमार ने बताया कि इस समय उल्टी दस्त और पेट दर्द के मरीज अधिक संख्या में आ रहे हैं। यहां पड़ोसी जनपद के भी मरीज आ जाते हैं। सभी को दवाइयां मुहैया कराई जा रही है। कई मरीजों को भर्ती करने की भी जरूरत पड़ रही है। उन्होंने बताया कि मौसम में खानपान संबंधित सावधानी बरतने की आवश्यकता है। हल्का भोजन सभी को लेना चाहिए। गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक मात्रा में पानी पीने से स्वास्थ्य ठीक बना रहता है।
ये बरतें सावधानियां
- धूप से बचने को छाते का इस्तेमाल करें।
- सिर व चेहरा कपड़े से ढकें और ढीले कपड़े पहनें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी और जूस का इस्तेमाल करें।
- आंखों को धूप से बचाने के लिए काले चश्में का प्रयोग करें।
- फलों का जूस, नारियल पानी, सत्तू, बेल का शरबत, छाछ पिएं।
- धूप से आकर तुरंत फ्रिज का पानी न पिएं।
- नियमित व्यायाम करें और पौष्टिक आहार लें।
- आंखों के बचाव के लिए काला चश्मा लगाएं।
- बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं तेज धूप से बचें।