मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के पिपरगांव निवासी महिला ने ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर जिंदा जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। महिला ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। कोतवाली में दिए गए शिकायती पत्र में राखी ने बताया कि उसका विवाह जनपद हरदोई के रहने वाले प्रभाकर जाटव से 7 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री विवाह समारोह में हुआ था। विवाह के दौरान परिजन ने करीब पांच लाख रुपये, एक बाइक, सहित घरेलू सामान उपहार में दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुर, देवर सहित अन्य ससुरालीजन ने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। 24 मार्च की रात करीब 10 बजे उसे कमरे में बंद कर डीजल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।