फर्रुखाबाद। कायमगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिकंदरपुर अगू में प्रधानमंत्री आवासों की जांच हुई तो कई अपात्र पाए गए। लाभार्थी से किस्तों की धनराशि लेकर निर्माण कराया गया। दीवारें भी चटकने लगीं हैं। तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत सिकंदरपुर अगू में प्रधानमंत्री आवास आवंटन में मनमानी की शिकायत जिलाधिकारी से की गई। डीएम ने मामले की जांच पीडी को सौंपी। परियोजना निदेशक ने गांव पहुंचकर आवासों की जांच की। पता चला दो लाभार्थियों से किस्तों की धनराशि लेकर प्रधान ही निर्माण करा रहे हैं। अभी निर्माण पूरा भी नहीं हुआ और दीवारों में दरार पड़ गई।
ग्रामीणों से पूछताछ में अपात्रों को भी आवास देने का मामला सामने आया। पीडी कपिल कुमार ने बताया कि जिन आवासों की दीवारों में दरार दिख रही है, उसकी गुणवत्ता परखने के लिए तकनीकी जांच कराई जाएगी। पात्रता की जांच के लिए अभिलेखों से मिलान किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही पात्र व अपात्र लाभार्थियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।