मोहम्मदबाद। झोपड़ी में लगी आग से नकदी, गेहूं, मूंगफली सहित घरेलू सामान जलकर राख हो गया। महिला भी झुलस गई। गांव के लोगों ने आग को बुझाया। सूचना पर राजस्व टीम मौके पर पहुंची।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला तबलदार निवासी आफीर सिंह खेती करके परिवार की गुजर बसर करते हैं। आफीर सिंह शनिवार की दोपहर खेत पर गेहूं काटने के लिए गए थे। उसके पांचों बच्चे बाहर खेल रहे थे। पत्नी रामा देवी झोपड़ी के अंदर स्नान कर रही थी। उसी दौरान संदिग्ध हालात में झोपड़ी में आग लग गई। हवा तेज होने के कारण आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। रामा देवी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व मिट्टी डालकर किसी तरह आग को बुझा दिया।
तब तक आग से आफीर सिंह के घर में रखी 30 हजार की नकदी, 20 पैकेट गेहूं, एक पैकेट मूंगफली, एक ट्रॉली भूसा, सिलाई मशीन, कपड़े जलकर राख हो गए। आफीर ने बताया कि पांच छोटे बच्चे हैं। आग में सब कुछ जलकर राख हो गया है। अभी खुले आसमान के नीचे ही कुछ दिन रहना होगा।