फर्रुखाबाद। ट्रैक्टर चालक के घर में एचटी लाइन का करंट आने से आग लग गई। पत्नी करंट लगने से झुलस गई। आग से एक लाख की नकदी सहित ढाई लाख का सामान राख हो गया। चालक के पुत्र की 28 फरवरी को शादी है। उसको लेकर तैयारियां चल रही थी। गांव के लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बुढ़नामऊ निवासी शिवशंकर ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। पुत्र मोहित की 28 फरवरी को बरात जाने वाली है। इसको लेकर तैयारियां चल रही थीं। सोमवार को पत्नी संजू घर के अंदर काम कर रही थी। अन्य लोग बाहर धूप में बैठे थे। उसी दौरान बिजली के मीटर में जोरदार आवाज हुई। घर के अंदर फ्रिज में आग लग गई।
संजू देवी घबराकर बाहर निकली तो उनको करंट लग गया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तब तक आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। गांव के लोगों ने हैंडपंप से पानी भरकर आधे घंटे में आग को बुझाया।
तब तक शिवशंकर की एक लाख की नकदी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कपड़े व गेहूं जलकर राख हो गया। शिवशंकर ने बताया कि ढाई लाख का नुकसान हुआ है। गांव के प्रधान मनोज गौतम ने बताया कि एचटी लाइन से अचानक घर के अंदर करंट पहुंचा और आग लग गई। इससे पहले भी जर्जर लाइन की वजह से कई पशुओं की जान भी जा चुकी है।