फर्रुखाबाद। प्रशासन की ध्वस्तीकरण कार्रवाई की सूचना मिलने पर एसबीआई और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को लालगेट पर लगे बैरियर से पुलिस कर्मियों ने वापस कर दिया। कुछ देर बाद दोबारा आए एसबीआई के अधिकारी होटल तक गए। बताया गया कि एसबीआई का 90 लाख और पीएनबी का 80 लाख रुपये होटल पर बकाया है।
होटल गुरुशरणम् पर एसबीआई और पंजाब नेशनल बैंक का लोन है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे एसबीआई के चीफ मैनेजर नवल किशोर कई अन्य अफसरों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी देने पहुंचे। मगर उन्हें लालगेट पर लगे बैरियर पर ही रोक दिया गया। पुलिस कर्मियों ने अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद अधिकारी मौके से चले गए। करीब आधा घंटे बाद दोबारा अधिकारी पहुंचे, तो उन्हें भीतर जाने दिया। चीफ मैनेजर ने बताया कि बैंक का होटल पर 90 लाख रुपये लोन है। पीएनबी के अधिकारियों ने 80 लाख रुपये लोन होना बताया। दोनों ही बैंकों के सामने होटल ध्वस्तीकरण के बाद लोन चुकता न होने की आशंका सताने लगी है।