नवाबगंज। कार व टेंपों की सीधी टक्कर में हेल्पर की मौत हो गई। चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में इलाज के अभाव में एक घंटे तक घायल तड़पते रहे। डॉक्टर के पहुंचने पर चार घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला बजरिया निवासी सुदामा शुक्ला टेंपो चलाकर परिवार की गुजर बसर करता है। मोहल्ले का हिमांशु (22) दिल्ली में रहता था। वह आठ दिन पहले घर आ गया था। हिमांशु टेंपो में हेल्परी करने लगा। सोमवार को सुदामा हेल्पर हिमांशु के साथ टेंपो में सवारियां बैठाकर नवाबगंज की ओर जा रहा था। गांव ढुडियापुर के सामने नवाबगंज की ओर से आ रही कार ने टेंपो में सीधी टक्कर मार दी। टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। टेंपो में सवार सुदामा, हिमांशु, गांव जसमई निवासी भोला ठाकुर, कोतवाली कायमगंज के गांव मंगलीपुर निवासी कांती देवी, बेटी सरिता, गांव तुर्कललैया निवासी फूल प्यारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। सीएचसी में तैनात डॉक्टर वैभव यादव मौजूद नहीं थे। इसके कारण घायल इलाज के लिए तड़पते रहे। फार्मासिस्ट विजय पाल ने प्राथमिक उपचार किया। लगभग एक घंटे बाद पहुंचे डॉ. वैभव ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। घायल भोला ठाकुुर, कांती देवी, सरिता, फूल प्यारी की हालत गंभीर देखकर उनको लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।