फर्रुखाबाद। शहर के ठंडी सड़क स्थित गुरुशरणम होटल व केएम हाउस के संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट फिर सुनवाई करेंगी। जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के अंदर मामले का निस्तारण कर रिपोर्ट मांगी है।
सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने बसपा नेता डॉ.अनुपम दुबे के ठंडी सड़क स्थित गुरुशरण होटल व गौरव अरोरा के केएम हाउस सहित 21 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश दिए थे। जिलाधिकारी से सुनवाई की अपील के बाद 26 मई को डीएम की अध्यक्षता में नियंत्रक प्राधिकारी बोर्ड की बैठक में सुनवाई कर आदेश सुरक्षित कर लिया गया था। केेएम हाउस व गुरुशरणम होटल के ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ फिर जिलाधिकारी से अपील की गई। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने अपील स्वीकार करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव को आदेश जारी किया है। इसमें कहा कि 17 अप्रैल को जारी भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश निरस्त कर पत्रावली नियत प्राधिकारी विनयमित क्षेत्र को वापस की जाती है। वह ध्वस्तीकरण आदेश में की गई विवेचना के क्रम में तथ्यों को पुन: साक्ष्य व सुनवाई का अवसर दें। एक सप्ताह में प्रकरण का निस्तारण कर करें। उन्होंने दो जून को पक्षकारों को अवर न्यायालय उपस्थित होने का आदेश दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने बताया कि गुरुशरण होटल व केएम हाउस सहित कुछ अन्य भवनों के ध्वस्तीकरण पर दोबारा सुनवाई कर पत्रावली जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।