फर्रुखाबाद। इलाज के अभाव में एक माह से बेड पर पड़े गरीब की पत्नी ने डीएम से इलाज की गुहार लगाई। डीएम के फरमान पर स्वास्थ्य महकमा के जिम्मेदार पत्नी को एंबुलेंस से घर ले गए और उसके पति को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज शुरू कर दिया गया है।
मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला रकाबगंज निवासी लाल सिंह गिहार (72) करीब एक माह पहले घर में पैर फिसलने से गिर गए थे। इससे उनका घुटना टूट गया था। उन्होंने उधारी के पैसे से इलाज कराया, मगर फायदा नहीं हुआ। इसके बाद परेशान होकर वह घर में ही लेट गए। पति के दर्द से परेशान पत्नी लीला देवी गुरुवार को डीएम के दरबार में पेश हुई। उसने पूरा मामला बताया। डीएम ने मामले को काफी गंभीरता से लिया।
उन्होंने अपने यहां से एक कार से महिला को सीएमओ के पास भेजा। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मी के साथ एंबुलेंस को रकाबगंज भेजकर लाल सिंह को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
इमरजेंसी में तैनात ईएमओ डॉ. कृष्ण कुमार ने वृद्ध को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। हड्डी संंबंधी दिक्कत होने की वजह से लाल सिंह का आर्थो सर्जन की देखरेख में इलाज शुरू कर दिया गया है। लीला देवी ने बताया कि बच्चे बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। इलाज कराने के पैसे नहीं हैं। इसका काफी महंगा इलाज है। डीएम के आदेश पर अब पति का पैर सही होने की उम्मीद बंधी है।