कमालगंज। क्षेत्र के करीब आधा दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ का पानी भरे रहने व बदलते मौसम के कारण मच्छरों के साथ ही बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया। गांव चाचूपुर व जंजाली नगला में बीमारी फैले होने की जानकारी पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ अजय कुमार ने गुरुवार को टीम भेजी।
एलटी चर्चिल थॉमस, बीएचडव्लू रोहित, वार्ड बॉय विमल कुमार टीम के साथ चाचूपुर गांव पहुंचे। यहां शिविर लगाकर टीम ने मरीजों की जांच की। 27 मरीजों को दवा दी गई। इसमें 10 लोग बुखार पीड़ित हैं। इसके बाद टीम ने जंजाली नगला में शिविर लगाकर 20 मरीजों को दवाइयां बांटी। यहां पांच लोग बुखार पीड़ित थे। एमओआईसी अजय कुमार ने बताया कि बीमारी से ग्रस्त गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाकर दवाइयां बांटी जाएगी। (संवाद)