कोतवाली में आयोजित बैठक में बोलते होटल मालिक संजय गर्ग।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। हर्ष फायरिंग की रोकथाम पर रविवार को कोतवाली में सभी होटल मालिकों की बैठक हुई। बैठक में हर्ष फायरिंग रोकने की जिम्मदारी होटल मालिकों को दी गई। इसके साथ ही सभी होटल मालिकों को एक प्रोफार्मा भी दिया गया। जिसे वे होटल बुक करते समय बुकिंग कराने वाले से भरवाएंगे।
शासन हर्ष फायरिंग को रोकने के लिए कड़े कदम उठा रहा है। इसी के तहत एसपी के निर्देश पर रविवार को शहर कोतवाली में होटल मालिकों की बैठक हुई। कोतवाल देवेंद्र शर्मा ने शासन से आए प्रोफार्मा को सभी होटल मालिकों को दिया।
उन्होंने कहा कि होटल मालिक शादी, तिलक और अन्य कार्यक्रम में होटल बुक करते समय पार्टी से इस प्रोफार्मा को भरवाएं। हर्ष फायरिंग के दौरान घटना होने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रोक के बावजूद अगर कोई हर्ष फायरिंग करता है तो होटल मालिक पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दे।
कोतवाल ने कहा कि डीजे 10.30 बजे तक बजेगा। इसके बाद डीजे बजता मिला तो उसके मालिक और जो जबरन डीजे को बजवाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान होटल मालिक डब्बू अवस्थी, संजय गर्ग, प्रमोद गुप्ता, सुरेंद्र पांडेय, हाजी अकरम, उमेश कटियार, संजीव यादव, विजयपाल सिंह, अनिल वर्मा, संतोष शुक्ला आदि मौजूद रहे।