फर्रुखाबाद। जसमई विद्युत उपकेंद्र की खराब वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) बदलने के चलते सोमवार सुबह नौ से शाम छह बजे उपकेंद्र बंद रहेगा। इससे उपकेंद्र से जुड़े आधे शहर और करीब 50 गांवों को बिजली नहीं मिलेगी।
जसमई उपकेंद्र की लंबे समय से वीसीबी खराब होने से ट्रिपिंग की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। उपकेंद्र की आउटगोइंग वीसीबी हाल ही में बदली जा चुकी हैं। अब इनकमिंग वीसीबी सोमवार को बदली जाएगी। वीसीबी की खराबी व फाल्ट के चलते पिछले करीब 25 दिनों से शहर के सिटी और एमआरएम फीडर से जुड़े तहसील क्षेत्र, बीबीगंज, बजरिया, तिकोना, रकाबगंज खुर्द, ढुइया, पक्कापुल, नाला सिम्तसुमाल समेत आधे शहर और ग्रामीण फीडर से जुड़े करीब 50 गांवों के उपभोक्ता बिजली समस्या से जूझ रहे हैं।
काफी प्रयास के बाद बिजली विभाग को नई वीसीबी मिल गई है। अधिशासी अभियंता नगरीय ब्रजभान सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह वीसीबी लगाने का काम किया जाएगा। इसके लिए सुबह नौ से शाम छह बजे तक जसमई उपकेंद्र बंद रहेगा। लिहाजा उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि सुबह नौ बजे से पहले बिजली आने के दौरान घरों में पानी आदि की व्यवस्था कर लें। इसके बाद शाम बिजली न मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।